जमालपुर के बेघरों को मिलेगी राहत, आश्रय निर्माण के लिए चिन्हित हुई जमीन
आवास विहीन परिवारों को मिलेगा पक्का मकान, नगर परिषद ने शुरू की प्रक्रिया
जमालपुर। वर्षों से झुग्गी-झोपड़ियों में गुजर-बसर कर रहे शहर के भूमिहीन एवं आवास विहीन परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नगर परिषद जमालपुर ने आखिरकार बहुमंजिला आश्रय निर्माण के लिए जमीन चिन्हित कर ली है। आशिकपुर मौजा के सर्वे नंबर 35 और फरीदपुर मौजा के सर्वे नंबर 101 में प्रस्तावित इस भूमि पर जल्द ही बेघरों के लिए पक्के मकान बनाए जाएंगे।
इस दिशा में पहल की शुरुआत बीते सप्ताह हुई थी, जब जमालपुर विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह ने नगर परिषद में एक समीक्षा बैठक के दौरान बेघरों की समस्याओं को प्राथमिकता पर उठाया था। बैठक में चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बीडीओ और सभी वार्ड पार्षद शामिल हुए थे। विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नगर क्षेत्र में रह रहे बेघरों के लिए शीघ्र जमीन चिह्नित कर आवास निर्माण की योजना को अमल में लाया जाए।
इसके बाद नगर परिषद ने चार स्थानों पर जमीन की खोज शुरू की, जिसमें दो स्थानों को उपयुक्त मानते हुए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन स्थानों का खतियान जिला अभिलेखागार से प्राप्त करने के लिए पत्राचार भी किया जा चुका है।

इस पहल से “बेघरों को आखिर कब मिलेगा घर?” अभियान समिति के संयोजक साईं शंकर ने संतोष जताते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल सराहनीय है बल्कि इससे शहर के हजारों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह एवं नगर परिषद प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जमीन चिन्हित होने की खबर मिलते ही शहर के संघर्षरत बेघर परिवारों में उत्साह का माहौल है। गीता देवी, रेखा देवी, इंदु देवी, कौशल्या देवी, माला देवी, जूली कुमारी, बॉबी देवी और नेहा कुमारी जैसी महिलाओं ने इसे अपने वर्षों की मेहनत और संघर्ष की जीत बताया।
स्थानीय प्रशासन की ओर से यह भी संकेत दिए गए हैं कि भूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी होते ही बहुमंजिला भवन निर्माण कार्य की रूपरेखा तय कर ली जाएगी, जिससे जल्द से जल्द आवास विहीनों को उनका स्थायी ठिकाना मिल सके।
नगर परिषद की यह पहल न केवल सामाजिक दायित्व की पूर्ति है बल्कि शहरी विकास की दिशा में एक संवेदनशील कदम भी है।