‘124 नॉट आउट’ का मामला गरमाया, वोटर लिस्ट में उम्र दर्ज होते ही विपक्ष हमलावर
सीवान। बिहार के सीवान जिले में मतदाता सूची में हुई एक अनोखी गड़बड़ी ने सियासत को गरमा दिया है। सिसवन प्रखंड के अरजानीपुर गांव की मिंता देवी का नाम पहली बार वोटर लिस्ट में शामिल हुआ, लेकिन उनकी उम्र 35 की जगह 124 साल दर्ज कर दी गई। सरकारी रिकॉर्ड में जन्मतिथि 15 जुलाई 1900 अंकित होने से यह गड़बड़ी सामने आई। जैसे ही मामला सार्वजनिक हुआ, विपक्ष ने इसे जोरदार तरीके से उठाया और संसद से लेकर सोशल मीडिया तक ‘124 नॉट आउट’ का नारा गूंजने लगा।
संसद में पहुंचा मामला, टी-शर्ट पर छपी तस्वीर
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के अन्य नेता संसद परिसर में मिंता देवी की तस्वीर और ‘124 नॉट आउट’ लिखी टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
प्रशासन ने माना टाइपिंग मिस्टेक
सीवान के जिलाधिकारी आदित्य प्रकाश ने स्पष्ट किया कि यह मामला तकनीकी त्रुटि का है। ऑनलाइन फॉर्म भरते समय गलत प्रविष्टि हो गई और मतदाता सत्यापन के दौरान भी यह पकड़ में नहीं आई। अब फॉर्म-8 के जरिए सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और एक सप्ताह में सही उम्र दर्ज कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं के नाम या उम्र में गड़बड़ी है, वे भी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
परिजनों और ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
मिंता देवी के पति धनंजय कुमार सिंह ने इसे महज तकनीकी चूक बताया और सुधार के लिए आवेदन दे दिया है। गांव के लोगों का कहना है कि अधिक जनसंख्या और चल रहे वोटर वेरिफिकेशन के कारण ऐसी गलतियां संभव हैं। उनका आरोप है कि विपक्ष इस मामूली चूक को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दे रहा है।
मिंता देवी का बयान
वोटर लिस्ट में ‘124 साल’ की उम्र देखकर हैरान मिंता देवी ने कहा, “मेरा नाम लिस्ट में कब और कैसे जोड़ा गया, मुझे पता ही नहीं। कोई अधिकारी मिलने तक नहीं आया। उम्र किसने लिखी, वही बताएं।”