60 करोड़ की धोखाधड़ी में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर मामला दर्ज
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति कारोबारी राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। मुंबई के एक व्यवसायी ने दोनों पर 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। यह मामला उनकी पूर्व कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एक समझौते से संबंधित बताया जा रहा है, जो अब बंद हो चुकी है।
शिकायतकर्ता दीपक कोठारी, जो लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज के निदेशक हैं, का आरोप है कि वर्ष 2015 से 2023 के बीच शिल्पा और कुंद्रा ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उन्हें करोड़ों रुपये का चूना लगाया। कोठारी के मुताबिक, परिचय राजेश आर्या नामक व्यक्ति ने कराया था, जिसके बाद वह कंपनी में निवेश के लिए तैयार हुए। उस समय शिल्पा और कुंद्रा कंपनी के निदेशक थे और उनके पास 87.6 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
कोठारी का दावा है कि उन्होंने यह राशि व्यापार विस्तार के लिए निवेश की थी, लेकिन पैसे का इस्तेमाल कथित रूप से निजी खर्चों में कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंप दी गई है, क्योंकि इसमें 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम शामिल है।