वैशाली की सांसद पर दोहरे वोटर कार्ड का आरोप, तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना

पटना, संवाददाता।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी बीच, राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक नया आरोप लगाते हुए वैशाली से एनडीए सांसद वीणा देवी पर दो अलग-अलग वोटर आईडी कार्ड रखने का गंभीर दावा किया है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर देर रात पोस्ट करते हुए कहा कि सांसद के पास दो EPIC नंबर – UTO1134543 और GSB1037894 – मौजूद हैं। उनके मुताबिक, ये दोनों कार्ड अलग-अलग जिलों और लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े हैं, साथ ही इनमें उम्र का भी अंतर दर्ज है।

तेजस्वी ने सवाल उठाया, “विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में आखिर कैसे एक व्यक्ति के नाम से अलग-अलग क्षेत्रों में दो वोटर कार्ड बन गए? क्या इसके लिए दो अलग-अलग फॉर्म भरे गए और चुनाव आयोग ने इन्हें मान्यता भी दे दी?”

उन्होंने आगे चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि यह भाजपा-एनडीए को फायदा पहुंचाने के लिए मिलीभगत और फर्जीवाड़ा है। तेजस्वी ने व्यंग्य करते हुए आयोग को ‘ट्रोल आयोग’ और ‘केंचुआ आयोग’ तक कह डाला।

यह पहला मौका नहीं है जब तेजस्वी यादव ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया हो। इससे पहले उन्होंने मुजफ्फरपुर की मेयर निर्मला देवी पर भी दोहरे EPIC नंबर रखने का आरोप लगाया था, जिसके बाद जिला चुनाव कार्यालय ने मेयर को नोटिस जारी किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *