वोट अधिकार यात्रा से चुनावी समर का आगाज़: राहुल गांधी 17 अगस्त से बिहार में करेंगे शुरुआत

पटना, संवाददाता – बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को ऐलान किया कि वे 17 अगस्त से बिहार की धरती से ‘वोट अधिकार यात्रा’ की शुरुआत करेंगे। यह यात्रा चुनाव आयोग के विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) के विरोध में होगी, जिसे कांग्रेस “मतदाता चोरी” का प्रयास बता रही है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “17 अगस्त से #VoterAdhikarYatra के ज़रिए हम बिहार से वोट चोरी के खिलाफ सीधी लड़ाई शुरू कर रहे हैं। यह केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत की निर्णायक लड़ाई है।”

उन्होंने युवाओं, किसानों और मज़दूरों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की और कहा, “इस बार हार होगी वोट चोरों की – जीत होगी जनता की, जीत होगी संविधान की।”

देशभर में विरोध कार्यक्रम
कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन की योजना बनाई है। पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि 14 अगस्त को रात 8 बजे देशभर के ज़िलों में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैलियां निकाली जाएंगी। इसके बाद 21 अगस्त से 7 सितंबर तक राज्यों में इसी नारे के साथ बड़े पैमाने पर विरोध कार्यक्रम होंगे।

15 सितंबर से 16 अक्टूबर तक कांग्रेस देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान भी चलाएगी, जिसका लक्ष्य है पाँच करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर चुनाव आयोग को सौंपना।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *