तेजस्वी पर विजय सिन्हा का पलटवार – ‘जहां बोलोगे, वहीं जवाब देंगे’

पटना – बिहार की सियासत में जुबानी जंग तेज होती जा रही है। राजद नेता तेजस्वी यादव के हालिया आरोपों के जवाब में भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता विजय सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीखा पलटवार किया। उन्होंने तेजस्वी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि “जिस भाषा में समझोगे, उसी भाषा में समझाएंगे… जहां बोलोगे, वहीं जवाब देंगे।”

डिग्री और उम्र पर सीधी चुनौती
विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के दोहरे वोटर कार्ड वाले आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पटना का उनका EPIC नंबर पहले ही हटाया जा चुका है और चुनाव आयोग को उन्होंने सबूतों के साथ जवाब दिया है। इस दौरान उन्होंने तेजस्वी की शैक्षणिक योग्यता और उम्र पर भी सवाल उठाए।
“जिनके शासन में छात्रों को ग्रेजुएशन की डिग्री 6 साल में मिलती थी, वे हमारी डिग्री पर सवाल उठा रहे हैं,” सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा। उन्होंने अपनी मैट्रिक की डिग्री दिखाते हुए दावा किया कि 2024 में उनकी उम्र 57 साल है और अपनी डिग्री को किसी भी स्तर से जांच कराने को तैयार हैं। साथ ही उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से अपने बेटों की उम्र और डिग्री सार्वजनिक करने की मांग की।

‘NDA का हनुमान’ और महाभारत के किरदारों का जिक्र
सिन्हा ने खुद को ‘एनडीए का हनुमान’ बताते हुए कहा, “मेरे रहते एनडीए को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।” उन्होंने विपक्षी नेताओं पर महाभारत के पात्रों का उदाहरण देते हुए हमला किया – “शकुनि और दुर्योधन जैसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है।”

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
भाजपा नेता ने कहा कि उन पर झूठे आरोप लगाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि राजनीतिक हमले झेलने के लिए वे तैयार हैं, लेकिन झूठ और मनगढ़ंत बातों का जवाब उसी अंदाज में देंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *