एनडीए उपराष्ट्रपति प्रत्याशी सी.पी. राधाकृष्णन ने भरा नामांकन, पीएम मोदी समेत शीर्ष नेताओं ने दिया साथ
नई दिल्ली।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशी चंद्रपुरम पोनुसामी राधाकृष्णन ने बुधवार को संसद भवन में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया के समय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ मंत्री और सांसद भी उनके साथ नजर आए।
सूत्रों के अनुसार, राधाकृष्णन की ओर से चार सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें पहले सेट के मुख्य प्रस्तावक प्रधानमंत्री मोदी रहे। नामांकन से पूर्व उन्होंने संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर महात्मा गांधी समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद रविवार को जे.पी. नड्डा ने औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की थी। लंबे समय से संगठन और राजनीति में सक्रिय राधाकृष्णन तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और दो बार कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। इसके अलावा वे झारखंड और तेलंगाना के राज्यपाल भी रह चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने उनके नामांकन के अवसर पर कहा कि राधाकृष्णन “समर्पण, विनम्रता और गहन बौद्धिक दृष्टि” के धनी नेता हैं। मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक में भी उन्हें औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया।
चूंकि उपराष्ट्रपति पद का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सांसदों द्वारा किया जाता है और एनडीए के पास स्पष्ट बहुमत है, ऐसे में 9 सितंबर को होने वाले चुनाव में राधाकृष्णन की जीत लगभग तय मानी जा रही है।