मोदी ने ट्रंप के कहने पर 5 घंटे में रोका पाकिस्तान संग संघर्ष: राहुल गांधी
मुजफ्फरपुर,
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला। वोटर अधिकार यात्रा के तहत इंडिया गठबंधन की साझा सभा में राहुल गांधी ने दावा किया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक फोन कॉल के बाद ही भारत ने पाकिस्तान के साथ चला चार दिन का सैन्य संघर्ष केवल पांच घंटे में रोक दिया।
राहुल ने कहा, “ट्रंप ने खुद कहा है कि उन्होंने मोदी को फोन कर 24 घंटे के भीतर संघर्ष समाप्त करने को कहा था। लेकिन मोदी ने सिर्फ 5 घंटे में ही आदेश मान लिया। यह है मोदी की सच्चाई।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मीडिया इस मुद्दे को जनता के सामने नहीं ला रहा है क्योंकि उसका ध्यान केवल मोदी और उनके उद्योगपति मित्रों पर केंद्रित है, न कि जनता की समस्याओं पर। मंच पर उनके साथ डीएमके नेता एम.के. स्टालिन और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।
‘गुजरात मॉडल मतलब वोट चोरी’
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने गुजरात से ही ‘वोट चोरी’ की राजनीति शुरू की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी-शाह और बीजेपी चुनाव आयोग की मदद से वोट चुराकर चुनाव जीतते हैं।
’65 लाख नाम मतदाता सूची से गायब’
राहुल ने बिहार की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “65 लाख लोगों के नाम या तो मृत, अनुपस्थित या फिर स्थानांतरित दिखाकर सूची से हटा दिए गए हैं। शिकायतें हजारों में मिली हैं कि जिनका नाम कट गया, वे लोग जिंदा और यहीं रह रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह साजिश खास वर्गों को निशाना बनाने की है। “दलित, ओबीसी, अति पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय को व्यवस्थित रूप से मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। ताकि गरीब और आम जनता की आवाज दबा दी जाए।”
इंडिया गठबंधन का तेवर
मुजफ्फरपुर की इस रैली में राहुल गांधी के साथ मंच साझा करते हुए एम.के. स्टालिन और तेजस्वी यादव ने भी केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया और मतदाताओं से अपील की कि लोकतंत्र बचाने के लिए गठबंधन के पक्ष में खड़े हों।