बिहार दौरे पर पहुंचे स्टालिन पर प्रशांत किशोर का हमला, बच्चों की मौत का मुद्दा उठाया
मुज़फ्फरपुर।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर बिहार दौरे के दौरान करारा हमला बोला। किशोर ने कहा कि जिस तमिलनाडु में बिहार के बच्चों की मौत हुई, उसी राज्य के मुख्यमंत्री आज यहां राजनीति करने आए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय स्टालिन कहाँ थे जब बिहार के मासूमों की जान गई थी? यह भी कांग्रेस और तेजस्वी यादव की राजनीति के चरित्र को उजागर करता है।
वहीं, मुज़फ्फरपुर में इंडिया गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान स्टालिन ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को “कठपुतली” बना दिया गया है और बिहार में मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं। स्टालिन ने दावा किया कि अगर निष्पक्ष चुनाव हुए तो एनडीए की हार तय है।
तमिल भाषा में दिए गए अपने संबोधन को हिंदी में अनुवादित करवाते हुए स्टालिन ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का रिश्ता दो भाइयों जैसा है और यह दोस्ती लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में जीत दिलाएगी। उन्होंने कहा, “हम सब एकजुट हैं ताकि लोकतंत्र की रक्षा हो सके। भाजपा चुनावों को मज़ाक बना रही है लेकिन राहुल गांधी कभी डरने वाले नहीं हैं।”