AAP में अंदरूनी कलह खुलकर सामने: राघव चड्ढा बोले— “खामोश किया गया हूँ, हारा नहीं”

नई दिल्ली, संवाददाता:
आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाते हुए संकेत दिए हैं कि संगठन के भीतर मतभेद गहराते जा रहे हैं।

दरअसल, पार्टी ने हाल ही में चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया और उनकी जगह पंजाब से सांसद अशोक मित्तल को नियुक्त किया। इस फैसले के बाद चड्ढा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें “खामोश कराया गया है, लेकिन वह हारे नहीं हैं।”

नेतृत्व पर उठाए सवाल
चड्ढा ने अपने बयान में कहा कि वह संसद में आम जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं, लेकिन क्या लोगों की आवाज उठाना अब “गलती” बन गया है? उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी ही पार्टी ने उन्हें बोलने से रोकने की कोशिश की।

पार्टी में बढ़ते मतभेद के संकेत
इस घटनाक्रम को पार्टी के भीतर बढ़ती दरार के रूप में देखा जा रहा है। पहले भी चड्ढा की पार्टी गतिविधियों से दूरी और प्रमुख कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को लेकर अटकलें लगती रही हैं।

वहीं, पार्टी नेतृत्व ने इस पूरे मामले को आंतरिक पुनर्गठन करार देते हुए विवाद को कमतर दिखाने की कोशिश की है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे आम आदमी पार्टी के भीतर गंभीर असहमति का संकेत माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *