अफगानिस्तान में भीषण भूकंप, 250 से अधिक की मौत, सैकड़ों घायल
जलगां (अफगानिस्तान)
अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में रविवार की मध्यरात्रि आए भूकंप ने तबाही मचा दी। रिक्टर पैमाने पर 6.0 तीव्रता का यह झटका नंगरहार प्रांत में जलगां शहर से लगभग 27 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में महसूस किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप की गहराई मात्र 8 किलोमीटर थी, जिससे इसका प्रभाव और भी अधिक विनाशकारी साबित हुआ।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 250 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शरफत ज़मान ने कहा कि पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कई प्रभावित क्षेत्र दुर्गम पहाड़ियों में बसे हैं, जहां राहत दलों की पहुंच में देरी हो रही है।
प्रांतीय सूचना प्रमुख नजीबुल्लाह हनीफ़ के अनुसार, बड़ी संख्या में घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई गांवों में घर जमींदोज़ हो गए हैं और मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार चल रहा है। शुरुआती जानकारी में सिर्फ एक गांव से ही 30 शव बरामद किए गए थे।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मुख्य झटके के करीब 20 मिनट बाद एक और भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। लगातार झटकों से दहशत का माहौल है और लोग खुले मैदानों में शरण लिए हुए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2023 में भी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें भारी तबाही हुई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंपीय गतिविधियों में हाल के वर्षों में तेजी आई है, जिससे अफगानिस्तान लगातार भूकंप की चपेट में आ रहा है।
सरकार ने आपात राहत कार्यों के लिए विशेष दल तैनात किए हैं और अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों से भी मदद मांगी गई है। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य जारी रहने के बावजूद मृतकों और घायलों की संख्या में और इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।