नालंदा
बिहार की सियासत में यात्रा की धारा तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे तमाम बड़े नेता जनता से जुड़ने के प्रयास में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में पूर्व विधायक और चर्चित नेता अनंत सिंह ने भी अपनी जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत कर दी है। खास बात यह है कि उनके साथ इस यात्रा में उनके बड़े बेटे अंकित सिंह भी कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं।
इलाके के लोगों से मिलकर सुनीं समस्याएं
अनंत सिंह की यह यात्रा रविवार से आरंभ हुई है और इस दौरान वह अपने समर्थकों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान वे न सिर्फ जनता से मिल रहे हैं, बल्कि उनकी समस्याओं को भी सुन रहे हैं और समाधान के आश्वासन भी दे रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने नालंदा के जलालपुर स्थित मध्य विद्यालय का दौरा किया। यहां छात्रों और शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
छात्रों में दिखी उत्सुकता, ‘छोटे सरकार’ के नारे गूंजे
अनंत सिंह के विद्यालय पहुंचने की खबर जैसे ही फैली, स्कूल के बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। अपनी कक्षाओं को छोड़कर बच्चे उन्हें देखने मैदान में आ गए। ‘छोटे सरकार’ को सामने देखकर बच्चों ने नारेबाजी शुरू कर दी और पूरे परिसर में “छोटे सरकार जिंदाबाद” के नारे गूंजने लगे। बच्चों के साथ ही शिक्षक भी अनंत सिंह से मिलकर उत्साहित दिखे।