BBOSE के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, 25.88 लाख नकद और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले
पटना/बेगूसराय। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) के उप निदेशक अजय कुमार सिंह से जुड़े तीन ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई।
EOU की टीम ने पटना के खजपुरा स्थित चंद्रतारा भवन, मिथापुर स्थित BBOSE कार्यालय में अजय कुमार सिंह के कक्ष और बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर तलाशी ली।
25.88 लाख रुपये नकद बरामद
तलाशी के दौरान EOU ने कुल 25.88 लाख रुपये नकद बरामद किए। इनमें बेगूसराय स्थित पैतृक आवास से 15.50 लाख रुपये और पटना स्थित आवास से 10.38 लाख रुपये शामिल हैं।
बेगूसराय स्थित घर से करीब 9.50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, 11 संपत्ति दस्तावेज, बैंक पासबुक और आभूषण खरीद से जुड़ी रसीदें भी मिली हैं। अधिकारियों ने वहां दो JCB मशीन, दो ट्रैक्टर, बोलेरो और एक बड़े DG सेट समेत कई वाहनों की भी जानकारी जुटाई है।
पटना के आवास से 41.82 लाख के आभूषण
पटना स्थित चंद्रतारा भवन से EOU ने करीब 41.82 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों की सूची तैयार की है। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये के आभूषण खरीद से संबंधित बिल भी मिले हैं।
जांच एजेंसी को नोएडा के सेक्टर-142 में करीब 1,442 वर्गफीट के फ्लैट से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। EOU के अनुसार इस संपत्ति के लिए 60 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किए जाने की जानकारी सामने आई है।
आठ बैंक खातों और निवेश की भी जांच
तलाशी के दौरान आठ बैंक खातों की पासबुक और ATM कार्ड मिले हैं। इन खातों में करीब 18.50 लाख रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा पांच बीमा पॉलिसियों, LIC और म्यूचुअल फंड निवेश से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं।
EOU के अनुसार अजय कुमार सिंह के पटना स्थित G+2 मकान में महंगे इंटीरियर और अन्य सुविधाएं भी मिली हैं। संपत्ति का अलग से मूल्यांकन कराया जाएगा।
3.43 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
EOU ने अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में एजेंसी ने 3,43,78,300 रुपये की कथित अनुपातहीन संपत्ति का पता लगाने का दावा किया है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
अजय कुमार सिंह वर्ष 2005 में बिहार शिक्षा सेवा में शामिल हुए थे और बाद में BBOSE में उप निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। मामले की जांच जारी है और बरामद दस्तावेजों तथा संपत्तियों के स्रोत की जांच की जा रही है। EOU की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।