भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र, यात्रियों को सस्ती दवाएं मिलने का रास्ता खुला
पूर्व रेलवे मालदा मंडल की पहल से स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई उम्मीद
भागलपुर, 5 जुलाई।
पूर्व रेलवे मालदा मंडल के अंतर्गत भागलपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र (PMBJK) का शुभारंभ किया गया। रेलवे की इस पहल को यात्रियों और आमजनों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर रेलवे के क्षेत्रीय अधिकारी, स्टेशन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में खोले गए इस केंद्र के माध्यम से अब यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयाँ ब्रांडेड दवाओं की तुलना में काफी कम दामों पर उपलब्ध होंगी। यह सुविधा यात्रियों के साथ-साथ आस-पास के निवासियों के लिए भी एक बड़ी राहत बनकर आई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, केंद्र का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता तक सहजता से पहुँचाना है। उद्घाटन के कुछ ही देर बाद दर्जनों लोगों ने केंद्र से दवाइयाँ खरीदकर लाभ उठाया। यह केंद्र भारत सरकार के रसायन और उर्वरक मंत्रालय द्वारा संचालित ‘प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना’ के अंतर्गत स्थापित किया गया है।

पूर्व रेलवे मालदा मंडल ने इस पहल को यात्रियों की सुविधा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान से जोड़ते हुए इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। मंडल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी इस तरह के जनोपयोगी केंद्र खोले जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सुविधाएं और अधिक सुलभ बन सकें।
यात्रियों ने रेलवे की इस कोशिश को सराहनीय बताते हुए कहा कि दवाओं की बढ़ती कीमतों के बीच यह केंद्र बड़ी राहत लेकर आया है, और इससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा।