भारत बना इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का वैश्विक केंद्र, पीएम मोदी ने गुजरात से e-VITARA को दिखाई हरी झंडी
अहमदाबाद, मंगलवार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के हंसलपुर स्थित सुजुकी मोटर प्लांट से कंपनी की पहली बैटरी इलेक्ट्रिक एसयूवी e-VITARA को हरी झंडी दिखाकर भारत को हरित गतिशीलता के क्षेत्र में नई उड़ान दी। इस अवसर को उन्होंने देश की आत्मनिर्भरता और हरित ऊर्जा आधारित भविष्य की दिशा में “विशेष क्षण” करार दिया।
कार्यक्रम के दौरान मोदी ने न केवल e-VITARA के वैश्विक लॉन्च की शुरुआत की बल्कि स्थानीय स्तर पर हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के उत्पादन का भी शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि, “भारत में निर्मित यह इलेक्ट्रिक एसयूवी 100 से अधिक देशों में निर्यात होगी, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ का सपना साकार होगा और भारत वैश्विक स्तर पर इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण का केंद्र बनेगा।”
सुजुकी की इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का निर्माण भारत में होगा और इसका निर्यात यूरोप और जापान जैसे विकसित बाजारों तक किया जाएगा। यह कदम भारत को सुजुकी का वैश्विक उत्पादन हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने गुजरात स्थित टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी प्लांट में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्वदेशी उत्पादन की शुरुआत की। यह संयंत्र तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त उद्यम है। अधिकारियों के अनुसार इस पहल से बैटरी निर्माण मूल्य का 80 प्रतिशत हिस्सा अब भारत में ही तैयार होगा, जिससे घरेलू क्षमता में वृद्धि और स्वच्छ ऊर्जा के नवाचार को बल मिलेगा।