बिहार में अपराध का अड्डा बनी सरकार,
कांग्रेस का बड़ा हमला
पटना,
बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध अपने चरम पर पहुंच चुका है और हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब पुलिसकर्मी तक सुरक्षित नहीं हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व आईपीएस अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि बिहार अब अपराधियों का गढ़ बन चुका है। उन्होंने राज्य को “अपराध की यूनिवर्सिटी” करार देते हुए कहा कि यहां दलितों और आदिवासियों में भय का माहौल है।
अपराध के आंकड़े चौंकाने वाले
एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के आंकड़ों का हवाला देते हुए अजय कुमार ने दावा किया कि हत्या, बलात्कार, अपहरण और संगठित अपराध तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि 2005 में बिहार में कुल 1,07,664 आपराधिक मामले दर्ज हुए थे, जो 2022 तक बढ़कर 3,47,835 तक पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में औसतन प्रतिदिन 953 अपराध होते हैं, जिनमें—
- 8 हत्याएं
- 33 अपहरण
- 136 संगीन अपराध
- 55 महिलाओं के खिलाफ अपराध
- 28 महिलाओं के अपहरण के मामले
- 2 से अधिक बलात्कार
- 17 बच्चों के अपहरण के केस
शामिल हैं।
बिहार में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस नेता ने कहा कि एक समय बिहार अपनी सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह अपराध और हिंसा का केंद्र बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और पुलिस प्रशासन का भय खत्म हो चुका है।
अजय कुमार ने दावा किया कि बिहार में दलितों और महादलितों पर अत्याचार बढ़े हैं और राज्य, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के खिलाफ अपराधों में उत्तर प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में हर साल 4,000 से अधिक नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर जबरन शादी कराई जाती है। साथ ही, राज्य हत्या के मामलों में देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के 17 साल के शासनकाल में 53,150 से अधिक लोगों की निर्मम हत्या हो चुकी है।
गैंगवार और माफियाओं का राज
कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार अब अपराधियों, माफियाओं और गुंडों के कब्जे में आ चुका है। उन्होंने कुछ जघन्य अपराधों का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में एक दलित लड़की को उसके घर से अगवा कर हत्या कर दी गई, वहीं एक बुजुर्ग महिला के साथ सामूहिक बलात्कार कर उसका सिर काट दिया गया।
उन्होंने कहा कि पटना, बेगूसराय और अन्य जिलों में लगातार गैंगवार की घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोग दहशत में हैं।
राज्य सरकार पर अपराधियों को बचाने का आरोप
कांग्रेस नेता राजेश कुमार ने भी नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दलितों, महिलाओं और बच्चों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार अपराधियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
उन्होंने कहा, “बिहार में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं और सरकार या तो चुप बैठी है या फिर उन्हें बचाने का काम कर रही है।”
सरकार से जवाब मांग रही कांग्रेस
कांग्रेस ने मांग की कि बिहार सरकार अपराध रोकने के लिए ठोस कदम उठाए और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति नहीं सुधरी तो वे आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेंगे।