बिहार के युवाओं के लिए पीएम मोदी का बड़ा तोहफ़ा : 62 हज़ार करोड़ की योजनाओं की सौगात
पटना, 4 अक्टूबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार को युवाओं पर केंद्रित 62,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की सौगात दी। वर्चुअल माध्यम से बिहारवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोज़गार को मज़बूत करने वाली कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ किया।
सबसे प्रमुख पहल रही “प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआईज़ (PM-SETU)” योजना। करीब 60,000 करोड़ रुपये की लागत से शुरू इस केंद्र प्रायोजित योजना के तहत देशभर में 1,000 आईटीआई को हब-एंड-स्पोक मॉडल पर अपग्रेड किया जाएगा। इसमें 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई शामिल होंगे। खास बात यह है कि ये संस्थान सरकार के स्वामित्व में होंगे लेकिन प्रबंधन उद्योग जगत के हाथों में रहेगा। इस योजना में विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक भी सहयोग करेंगे। शुरुआती चरण में पटना और दरभंगा के आईटीआई को विकसित किया जाएगा।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने बिहार की मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के नए स्वरूप का शुभारंभ किया। इस योजना के अंतर्गत राज्य के करीब पाँच लाख स्नातकों को दो साल तक प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि मिलेगी, साथ ही निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण भी उपलब्ध होगा।
युवाओं की उच्च शिक्षा की राह आसान बनाने के लिए छात्र क्रेडिट कार्ड योजना को भी नए स्वरूप में पेश किया गया। अब छात्रों को 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण ब्याजमुक्त उपलब्ध होगा। अब तक 3.92 लाख से अधिक छात्रों ने लगभग 7,880 करोड़ रुपये के ऋण का लाभ उठाया है।
राज्य के युवाओं की ताक़त को दिशा देने के लिए पीएम मोदी ने “बिहार युवा आयोग” का भी शुभारंभ किया। 18 से 45 वर्ष की आयु वर्ग को ध्यान में रखकर गठित यह वैधानिक आयोग युवाओं की प्रतिभा को सही मंच देने का काम करेगा।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय का उद्घाटन भी किया। यह विश्वविद्यालय उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम और व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करेगा, जिससे बिहार का युवा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बन सके।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के युवा राज्य की पहचान और भारत के भविष्य की नई ताक़त हैं। आने वाले वर्षों में इन योजनाओं से न केवल शिक्षा और रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि बिहार के विकास की गति भी तेज़ होगी।