बिहार को रेल यातायात का नया तोहफा, जल्द दौड़ेंगी अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल

नई दिल्ली/पटना। बिहार के रेल यातायात को नए पंख लगने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शीघ्र ही बिहार को दो महत्वपूर्ण रेल सेवाओं – अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल – की सौगात देने जा रहे हैं। साथ ही राज्य में तीन नई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे राज्य के परिवहन ढांचे को नई ऊर्जा मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत रैपिड रेल को भारतीय रेल का आधुनिक ‘त्रिवेणी संगम’ बताया है। अब इस त्रिवेणी की दो महत्वपूर्ण कड़ियाँ बिहार में जुड़ने वाली हैं। जहां वंदे भारत एक्सप्रेस की सफल सेवाओं के बाद अब जयनगर से पटना के बीच नमो भारत रैपिड रेल शुरू होगी, वहीं सहरसा से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा भी प्रारंभ की जाएगी।

जयनगर से पटना के बीच दौड़ेगी दूसरी नमो भारत रैपिड रेल

देश में गुजरात के बाद बिहार को दूसरी नमो भारत रैपिड रेल का गौरव प्राप्त हो रहा है। जयनगर-पटना रूट पर शुरू होने वाली यह आधुनिक ट्रेन कुल 16 कोचों के साथ 2000 से अधिक यात्रियों को सफर की सुविधा देगी। “मेक इन इंडिया” पहल के तहत निर्मित इस ट्रेन में उन्नत सुरक्षा तकनीक ‘कवच सिस्टम’, सीसीटीवी कैमरे, फायर डिटेक्शन उपकरण और इमरजेंसी टॉकबैक जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। हर कोच में यात्रियों के लिए डिजिटल रूट मैप डिस्प्ले लगे होंगे, जो मेट्रो जैसी सुविधा का अनुभव कराएंगे। दोनों सिरों पर लोको पायलट केबिन की व्यवस्था से ट्रेन बिना इंजन रिवर्सल के दोनों दिशाओं में दौड़ सकेगी।

सहरसा से मुंबई तक अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत

सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए शुरू की जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस देश की तीसरी अमृत भारत गाड़ी होगी। यह नॉन-एसी सुपरफास्ट ट्रेन ‘पुश एंड पुल’ तकनीक पर आधारित है, जिसमें स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन में फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल होल्डर, रेडियम युक्त फर्श और स्प्रिंग बॉडी जैसी व्यवस्था की गई है।

शौचालयों में इलेक्ट्रो न्यूमेटिक फ्लशिंग प्रणाली तथा सॉप डिस्पेंसर लगाए गए हैं, जिससे सफाई और जल संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कोच में फायर डिटेक्शन सिस्टम और इमरजेंसी टॉकबैक भी उपलब्ध होगा।

नई रेल परियोजनाओं से उत्तर बिहार को मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री मोदी सुपौल-पिपरा, खगड़िया-अलौली और हसनपुर-बिथान के बीच नई रेल लाइनों का उद्घाटन भी करेंगे। इन रूटों पर दो नई पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शुरू होगा, जिससे मिथिला समेत उत्तर बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे मंत्रालय के अनुसार, नई परियोजनाओं को पर्याप्त बजटीय समर्थन मिला है और इनके निर्माण कार्यों में भी तेजी आई है। इससे राज्य में कनेक्टिविटी का स्तर और सुविधाएं दोनों पहले से काफी बेहतर हो जाएंगी।

रेल मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि ये योजनाएं बिहार को आधुनिक रेल नेटवर्क की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *