हस्तशिल्प और हुनर को मिलेगा बड़ा मंच

पटना

बिहार की कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 12 दिसंबर से गांधी मैदान, पटना में भव्य बिहार सरस मेला का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शाम 6 बजे मेले का उद्घाटन करेंगे। यह मेला 26 दिसंबर तक चलेगा और 22 राज्यों के 300 से अधिक स्वयं सहायता समूह अपनी कला, हस्तशिल्प और व्यंजनों का प्रदर्शन करेंगे।

ग्रामीण विकास विभाग के तहत जीविका द्वारा आयोजित यह मेला महिलाओं की उद्यमिता को मंच प्रदान करेगा। यहां लोककला, हस्तशिल्प की प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक और फन जोन जैसे आकर्षण भी होंगे। फूड जोन में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन और जीविका दीदी की रसोई खास आकर्षण रहेंगे।

मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए मेला टीम को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। स्टॉल निर्माण, स्वच्छता और आगंतुकों के लिए सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आयोजन स्थल पर अग्निशमन दस्ता, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन गेट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बच्चों के लिए पालना घर और अभिभावकों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया है। 15 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सरकारी योजनाओं की जानकारी और स्थानीय उत्पादों का बड़ा बाजार भी मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *