चारों सीटों पर ऐतिहासिक जीत
पटना। बिहार विधानसभा उपचुनाव 2024 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी चारों सीटों पर जीत दर्ज कर विपक्ष को बड़ा झटका दिया है। इस ऐतिहासिक जीत से NDA खेमे में जबरदस्त उत्साह है। पार्टी कार्यालयों में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और नेता एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं।
तरारी विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विशाल प्रशांत ने CPI-ML के राजू यादव को 10,612 वोटों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग ने उन्हें जीत का प्रमाणपत्र सौंप दिया है। वहीं, NDA ने आरजेडी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले बेलागंज और रामगढ़ जैसी सीटों पर भी जीत का परचम फहराया है।
नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे NDA नेता
उपचुनाव के नतीजों के बाद NDA नेताओं ने खुशी जाहिर की और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात का कार्यक्रम तय किया। सूत्रों के मुताबिक, NDA के वरिष्ठ नेता दोपहर 2:45 बजे मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें इस जीत पर बधाई देंगे।
चारों सीटों पर NDA का कब्जा
तरारी विधानसभा में भाजपा के विशाल प्रशांत की जीत के अलावा, इमामगंज सीट पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी ने बाजी मारी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से हराकर NDA की ताकत को और मजबूत किया।
रामगढ़ विधानसभा, जिसे आरजेडी का गढ़ माना जाता था, अब भाजपा के अशोक कुमार सिंह के नाम हो गई है। उन्होंने बसपा के सतीश उर्फ पिंटू यादव को मात दी। हालांकि, निर्वाचन आयोग से औपचारिक घोषणा अभी बाकी है।
बेलागंज में जेडीयू की मनोरमा देवी ने RJD सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वजीत सिंह को 21,391 वोटों के अंतर से हराया। यह सीट आरजेडी के लिए अहम थी, जहां सुरेंद्र यादव आठ बार विधायक रह चुके थे।
NDA की जीत से विपक्ष पर बढ़ा दबाव
NDA की इस जीत ने बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। चारों सीटों पर विजय प्राप्त कर NDA ने यह साबित कर दिया है कि राज्य में उनकी पकड़ मजबूत है। विपक्ष के लिए यह नतीजे बड़ा झटका हैं, खासकर आरजेडी के लिए, जो अपने पारंपरिक गढ़ में हार का सामना कर रही है।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध नारायण
(मीडिया छात्र, पटना)