बोइंग के सपनों की उड़ान अब सवालों के घेरे में – अहमदाबाद हादसे के बाद और गहरा हुआ अविश्वास
✍️ शिवांशु सिंह , विशेष लेख | TWM News

“जब मुनाफा ज़िंदगी से बड़ा हो जाए, तो मलबा सिर्फ विमान का नहीं, भरोसे का भी गिरता है।”

अहमदाबाद हवाई दुर्घटना ने एक बार फिर वैश्विक विमानन कंपनी बोइंग की छवि पर ऐसा धब्बा लगा दिया है, जिसे अब केवल तकनीक नहीं, बल्कि जवाबदेही ही साफ कर सकती है। ड्रीमलाइनर जैसे ‘आधुनिक’ विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 270 निर्दोष लोगों की जान चली गई, और सवाल उठने लगे—क्या बोइंग ने वाकई कभी सुरक्षा को प्राथमिकता दी?

चेतावनियों को नजरअंदाज करती व्यवस्था

बीते वर्षों में एक नहीं, बल्कि दर्जनों व्हिसलब्लोअर्स ने बोइंग पर गंभीर आरोप लगाए। उत्पादन प्रक्रिया में शॉर्टकट, घटिया पार्ट्स, और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बातें सामने आती रहीं। 2024 में पूर्व इंजीनियर सैम सालेहपुर ने खुलेआम चेतावनी दी थी कि 787 ड्रीमलाइनर के फ्यूजलेज को गलत तरीके से जोड़ा गया है—एक समय के बाद ये विमान हवा में ही टूट सकता है। पर क्या बोइंग चेता?

नहीं। जवाब में सन्नाटा था, और आत्ममुग्धता का पहरा।

आश्वासन के परदे में छिपे जोखिम

बोइंग हमेशा से 787 ड्रीमलाइनर को ‘आधुनिक और सुरक्षित’ बताता आया है। लेकिन सच यह है कि इसके इतिहास में बैटरी ब्लास्ट, हाइड्रोलिक लीक, सॉफ्टवेयर फेलियर और स्ट्रक्चरल डिफेक्ट जैसे तमाम दाग हैं। 2013 में इसकी बैटरियां जलने की घटनाओं ने पूरी दुनिया को चौंका दिया था, और तब भी कुछ समय के लिए सभी 787 उड़ानों को रोकना पड़ा था।

लेकिन सच्चाई यह है कि यह हादसे एक संकेत थे—जिन्हें बोइंग ने ‘बिजनेस लॉस’ मानकर दरकिनार कर दिया।

कंपनियों की दौड़ में पीछे छूटती ज़िंदगी

बोइंग और एयरबस की वैश्विक विमानन बाजार में एकाधिकार जैसी स्थिति ने प्रतिस्पर्धा को कुंद कर दिया है। इनकी इस मजबूती ने इन्हें ‘अजेय’ बना दिया, लेकिन उसी अहंकार ने बोइंग को ‘अंधा’ भी कर दिया। 2018 और 2019 में इंडोनेशिया और इथियोपिया में 737 मैक्स हादसे में 300 से ज्यादा लोग मारे गए थे। जांच में पता चला कि फ्लाइट कंट्रोल सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी थी—बोइंग ने जानकारी छिपाई थी।

और अब 2025 में अहमदाबाद हादसा, जहां 12 साल पुराना ड्रीमलाइनर टेकऑफ के कुछ मिनटों बाद एक रिहायशी इलाके पर गिर पड़ा।

सिर्फ तकनीक नहीं, नैतिकता भी फेल

बोइंग जैसी कंपनियां न सिर्फ तकनीकी कौशल का दावा करती हैं, बल्कि यात्रियों का भरोसा भी बेचती हैं। लेकिन जब दरवाजे हवा में उड़ने लगें, पहिए उड़ान के दौरान अलग हो जाएं और अंतरिक्ष मिशन पर गए अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बच विलमोर महीनों तक ISS में फंसे रहें, तब ये दावा खोखला लगता है।

वर्ष 2024 की शुरुआत में अलास्का एयरलाइंस की एक उड़ान में बोइंग 737 मैक्स का डोर प्लग हवा में निकल गया था—जिसके बाद अमेरिकी सरकार ने बोइंग के निर्माण दर पर पाबंदी लगा दी।

अंदरूनी सड़न की ओर इशारा करती घटनाएं

बोइंग आज FAA (अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन) की जांचों के घेरे में है। मार्च 2024 में जब एक गहन ऑडिट हुआ, तो पाया गया कि बोइंग और उसकी आपूर्ति कंपनी स्पिरिट एयरोसिस्टम्स ने बार-बार क्वालिटी कंट्रोल नियमों का उल्लंघन किया। इससे पहले, 2023 में जॉन बार्नेट ने आरोप लगाया था कि कंपनी जानबूझकर घटिया पुर्जे इंस्टॉल कर रही है।

क्या यह किसी एक इंजीनियर की झुंझलाहट थी या आने वाली त्रासदी की चेतावनी?

अब किसे दोष दें—तकनीक को या लालच को?

जब हर हादसे के बाद बोइंग मुआवजा देकर हाथ झाड़ लेता है—चाहे वह 737 मैक्स के दो हादसों पर $1.1 बिलियन का सौदा हो या अलास्का एयरलाइंस के दरवाजे उड़ने पर $160 मिलियन की भरपाई—तब यह स्पष्ट होता है कि पैसे से जान का मोल तौला जा रहा है।

निष्कर्ष: उड़ानों से पहले भरोसे को ठीक करना ज़रूरी

बोइंग के लिए यह वक्त आत्ममंथन का है। यह कंपनी तकनीक की बुलंदियों से नीचे गिर चुकी है—और अब उसे न सिर्फ अपने विमानों को, बल्कि अपनी साख को भी मरम्मत की ज़रूरत है।

इस बार सवाल सिर्फ एक विमान की खराबी का नहीं है, यह सवाल है उस सोच का जो हर बार कहती है, “सब ठीक है,” जबकि कुछ भी ठीक नहीं होता।


✒️ लेखक परिचय:
शिवांशु सिंह  एक पत्रकार, रंगकर्मी और सामाजिक समीक्षक हैं, जो TWM News के लिए नियमित रूप से सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर राय लेख लिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *