जेवर एयरपोर्ट से उड़ान की शुरुआत: लखनऊ से पहली इंडिगो फ्लाइट ने रचा इतिहास
अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)
नोएडा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से सोमवार को यात्री उड़ानों की औपचारिक शुरुआत हो गई। लखनऊ से आई इंडिगो की पहली निर्धारित फ्लाइट के उतरते ही एयरपोर्ट ने व्यावसायिक संचालन का नया अध्याय शुरू कर दिया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-2278 सुबह करीब 7:12 बजे लखनऊ से रवाना होकर लगभग 7:55–7:58 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंची। इसके साथ ही पहली वापसी उड़ान भी लखनऊ के लिए रवाना हुई।
ऐतिहासिक उड़ान में शामिल रहे स्थानीय लोग
इस पहली उड़ान में जेवर क्षेत्र के वे ग्रामीण भी शामिल थे, जिनकी जमीन एयरपोर्ट निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी। यह उनके लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ।
कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगा बढ़ावा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य हिस्सों के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करेगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देगा।
16 शहरों से जुड़ने की योजना
इंडिगो इस नए एयरपोर्ट से चरणबद्ध तरीके से देश के 16 से अधिक शहरों को जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और तेज़ कनेक्टिविटी मिलेगी।