दुनिया के टॉप-10 संग्रहालयों में बिहार म्यूजियम, लूव्र और द मेट को पछाड़कर हासिल किया नौवां स्थान

पटना। बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत ने वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पटना स्थित बिहार म्यूजियम को वर्ष 2026 के दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस सूची में जगह बनाने वाला बिहार म्यूजियम भारत का एकमात्र संग्रहालय है। वहीं, एशिया में इसे पहला स्थान मिला है।

म्यूनिख स्थित ट्रैवल पब्लिकेशन ‘वर्थ अ जर्नी’ की ओर से जारी इस वैश्विक सूची में बिहार म्यूजियम ने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट और पेरिस के लूव्र म्यूजियम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को पीछे छोड़ दिया है। मेट को दसवां, जबकि लूव्र को 31वां स्थान मिला है। इस रैंकिंग में पर्यटकों की समीक्षाओं, डेटा विश्लेषण और मौके पर विशेषज्ञों के मूल्यांकन को आधार बनाया गया है।

मेक्सिको का संग्रहालय पहले स्थान पर

वैश्विक सूची में मेक्सिको सिटी स्थित म्यूजियो नैशनल डी एंट्रोपोलोजिया को पहला स्थान मिला है। स्पेन के म्यूजियो डेल प्राडो ने दूसरा और डेनमार्क के लुइसियाना म्यूजियम ऑफ मॉडर्न आर्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया है। रूस का स्टेट हर्मिटेज म्यूजियम चौथे और ऑस्ट्रिया का कुन्स्टहिस्टोरिस्चेस म्यूजियम पांचवें स्थान पर है।

दीदारगंज यक्षी से लेकर प्राचीन मूर्तियों तक खास पहचान

बिहार म्यूजियम की सबसे बड़ी पहचान यहां मौजूद ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरें हैं। संग्रहालय में मौर्यकालीन दीदारगंज यक्षी की प्रसिद्ध प्रतिमा प्रमुख आकर्षण है। करीब दो हजार साल पुरानी यह प्रतिमा चुनार के बलुआ पत्थर से बनी है। इसके अलावा यहां कुर्किहार की कांस्य प्रतिमाएं, प्रागैतिहासिक काल के पत्थर के औजार, कुषाण काल की बुद्ध जन्म से जुड़ी शिलाकृति, दुर्लभ सिक्के और पांडुलिपियां भी प्रदर्शित हैं।

2015 में हुआ था उद्घाटन

पटना के 13.9 एकड़ में फैले इस संग्रहालय का उद्घाटन वर्ष 2015 में हुआ था। इसकी इमारत का डिजाइन जापान के प्रसिद्ध वास्तुकार फुमिहिको माकी और मुंबई-पुणे स्थित स्टूडियो ओपोलिस ने तैयार किया है। यहां प्राचीन मूर्तिकला, लोककला और बच्चों के लिए विशेष गैलरी भी मौजूद है।

इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से बिहार की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है। साथ ही पटना को इतिहास, कला और विरासत पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने का अवसर मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *