बिलासपुर में भीषण भूस्खलन: बस मलबे में दबी, 15 की मौत; राहत कार्य जारी
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बल्लू पुल के पास हुए भूस्खलन में मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थर अचानक पहाड़ी से गिर पड़े, जिससे एक निजी बस पूरी तरह मलबे में दब गई। अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीन यात्रियों को जिंदा बाहर निकाला गया है।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। राहत और बचाव दल मौके पर लगातार काम कर रहे हैं। डीसी राहुल कुमार ने बताया, “अब तक 15 शव निकाले जा चुके हैं और तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बस में कितने लोग सवार थे, इसका सटीक आंकड़ा अभी नहीं मिल पाया है।”
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जेसीबी मशीनें मलबा हटाते हुए और राहतकर्मी फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। बस की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है — पूरा ढांचा टूट चुका है और सड़क पर मलबे का पहाड़ जमा है।
बताया जा रहा है कि बस मरोटन-कलौल रूट पर जा रही थी, जब अचानक भूस्खलन हुआ और भारी मात्रा में कीचड़ व पत्थर बस पर आ गिरे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे लगातार जिला प्रशासन से संपर्क में हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाए और बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
वहीं, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी बिलासपुर के लिए रवाना हो चुके हैं ताकि राहत और बचाव अभियान की स्थिति का जायजा ले सकें।
राज्य आपदा प्रबंधन दल, पुलिस और दमकल विभाग के जवान मौके पर जुटे हुए हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से प्रभावित क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की है।