बीजेपी संगठन को नई धार देने की शुरुआत, नितिन नवीन ने ली पहली अहम बैठक

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिवों के साथ अपनी पहली बैठक की। पदभार संभालने के कुछ ही दिनों बाद हुई यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार यह बैठक परिचयात्मक जरूर थी, लेकिन इसमें संगठन की मौजूदा स्थिति, चल रहे कार्यक्रमों और आगामी रणनीति को लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक में संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष सहित सभी राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सूत्रों का कहना है कि बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, केंद्र व राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी राज्यों की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती और पार्टी नेतृत्व के फैसलों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श हुआ।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि महासचिवों की बैठक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा होती है, लेकिन नितिन नवीन के नेतृत्व में यह पहली बैठक होने के कारण इसे आने वाले महीनों की कार्यशैली और प्राथमिकताओं का संकेत माना जा रहा है।

बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नवीन को बीजेपी का युवा और अनुभवी चेहरा माना जाता है। वे पहले भी बिहार सरकार में शहरी विकास, आवास और विधि विभाग जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठनात्मक स्तर पर भी उनका लंबा अनुभव रहा है और वे युवा मोर्चा से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की यह पहली बैठक पार्टी संगठन के लिए नई दिशा तय करने की शुरुआत मानी जा रही है, जिससे आगामी चुनावी चुनौतियों से निपटने की रणनीति को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *