CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई में ठाकरे बंधुओं का मार्च, उद्धव और राज ठाकरे करेंगे नेतृत्व

मुंबई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को मुंबई में आयोजित विरोध मार्च का नेतृत्व शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे करेंगे। दोनों नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विरोध जताया है।

ठाकरे बंधुओं का यह संयुक्त मार्च मेट्रो सिनेमा से मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय तक निकाला जा रहा है। आयोजकों ने इसे केवल किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम न बताते हुए व्यापक जन-आंदोलन के रूप में पेश किया है। दोनों दलों ने अन्य राजनीतिक दलों और आम लोगों से भी इसमें शामिल होने की अपील की है।

मार्च में शामिल होने वाले लोगों से पार्टी के झंडे और चुनाव चिह्न के बजाय तिरंगा लेकर आने की अपील की गई है। इस कदम का उद्देश्य आंदोलन को दोनों दलों के संयुक्त कार्यक्रम के बजाय व्यापक सार्वजनिक मुद्दे के रूप में प्रस्तुत करना बताया गया है।

ठाकरे बंधुओं ने SIR के तहत मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सवाल उठाए हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। वहीं, चुनाव आयोग ने SIR से संबंधित फैसलों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बीच कहा है कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) की ओर से भी समर्थन की बात सामने आई है। मार्च के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मुंबई पुलिस ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं।

 

Pic credit – ANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *