धाराली में बादल फटने से मची तबाही, चार की मौत, दर्जनों लापता
20 से अधिक होटल-होमस्टे बहने की आशंका, राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी

उत्तरकाशी, 5 अगस्त। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धाराली गांव में मंगलवार की सुबह बादल फटने से भारी तबाही मच गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से 12 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं 20 से अधिक होटल और होमस्टे भी सैलाब में बह गए हैं। राहत व बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगोत्री मार्ग पर स्थित धाराली गांव में खीर गंगा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में अचानक बादल फटने से नदी उफान पर आ गई। देखते ही देखते मलबा और पानी पूरे गांव में फैल गया, जिससे वहां मौजूद होटल, घर और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा।

गांव में मची अफरा-तफरी, कई वीडियो वायरल
घटनास्थल से आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे गाद और मलबे से भरा तेज बहाव गांव की सड़कों पर कहर बनकर टूटा। लोग चीखते-चिल्लाते अपने घरों से बाहर निकलते नज़र आए। चश्मदीद ग्रामीण राजेश पंवार ने बताया कि कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं और कई होटल बह चुके हैं।

एसडीआरएफ-एनडीआरएफ मौके पर, सेना और आईटीबीपी भी अलर्ट
आपदा की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची। साथ ही एनडीआरएफ, सेना और इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) की टीमें भी राहत कार्य में जुट गई हैं।

एसडीआरएफ के आईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया, “हमारी टीम मौके पर पहुंच गई है और दो अन्य यूनिट भी रास्ते में हैं। राहत और बचाव कार्य समन्वय के साथ चलाया जा रहा है। हमारी बटालियन से विशेष उपकरण भी भेजे जा रहे हैं।”

गृहमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार की पैनी निगरानी
घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जानकारी दी कि तीन आईटीबीपी टीम और चार एनडीआरएफ टीमें मौके पर भेज दी गई हैं।

वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने घटना को “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और कहा कि लोगों की जान बचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भी राहत कार्यों की निगरानी की पुष्टि की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “धाराली में बादल फटने की घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। मैं लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हूं और हालात की निगरानी कर रहा हूं। राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।”

हालात अब भी गंभीर, मौसम विभाग अलर्ट पर
क्षेत्र में मौसम अभी भी अस्थिर बना हुआ है और प्रशासन को आशंका है कि यदि बारिश जारी रही तो स्थिति और बिगड़ सकती है। जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

संवाददाता – TWM News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *