त्योहारों की शुरुआत से पहले आम लोगों को महंगाई का नया झटका लगा है। तेल कंपनियों ने अक्टूबर माह में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 48.50 रुपए की गई है। नई दरें 1 अक्टूबर से देशभर में लागू हो गई हैं।
हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल कंपनियों द्वारा सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में खाना महंगा हो सकता है।
कमर्शियल सिलेंडर के दामों में यह बढ़ोतरी लगातार तीसरे महीने की गई है। अगस्त और सितंबर में भी क्रमशः 8 से 9 रुपए और 39 रुपए प्रति सिलेंडर का इजाफा किया गया था। इस बार की वृद्धि के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम का कमर्शियल सिलेंडर 1740 रुपए का हो गया है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 1850.50 रुपए, मुंबई में 1692 रुपए और चेन्नई में 1903 रुपए हो गई है।
रेस्टोरेंट और ढाबों की सेवाएं हो सकती हैं महंगी
विशेषज्ञों के अनुसार, कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इस बढ़ोतरी से होटल और ढाबों में खाने-पीने की सेवाओं के दाम बढ़ सकते हैं, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। वहीं, घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर रहने से गृहणियों को फिलहाल राहत मिली है।
नवरात्रि से पहले महंगाई का असर
त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग के बीच इस महंगाई से आम उपभोक्ताओं को चिंता हो रही है। व्यापारिक प्रतिष्ठान भी लागत बढ़ने की शिकायत कर रहे हैं।