अहमदाबाद विमान हादसा: पीएम मोदी ने की समीक्षा बैठक, बोले- ‘यह त्रासदी शब्दों से परे है’

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद गुजरात सरकार के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यह बैठक शहर के एयरपोर्ट के पास स्थित गुजराज एयर एरोनॉटिक्स लिमिटेड (GujSAIL) भवन में आयोजित की गई। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे के स्थल और सिविल अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया।

बैठक में प्रधानमंत्री को हादसे के बाद सामने आए घटनाक्रमों की पूरी जानकारी दी गई। अधिकारियों को ज़रूरी दिशा-निर्देश भी प्रधानमंत्री ने इस दौरान दिए। हादसे में 265 लोगों की जान चली गई थी, जबकि केवल एक व्यक्ति इस दुर्घटना में जीवित बचा।

प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे को लेकर गहरा शोक व्यक्त करते हुए X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा,
“अहमदाबाद में हुई विमान त्रासदी से हम सभी बेहद आहत हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का इस तरह अचानक और हृदय विदारक ढंग से चले जाना शब्दों से परे है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। हम उनके दुख को समझते हैं और जानते हैं कि यह खालीपन वर्षों तक महसूस किया जाएगा। ॐ शांति।”

बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी. आर. पाटिल और नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राम मोहन नायडू भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (AI 171) विमान मेघाणीनगर क्षेत्र स्थित एक मेडिकल कॉलेज परिसर से टकरा गया था। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें पूर्व गुजरात मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे।

इस दुर्घटना में 241 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 168 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल हैं। हादसे से देश-दुनिया में शोक की लहर फैल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *