महिला खेलों और दिव्यांग खेलों को प्रोत्साहित करने में अद्वितीय योगदान देने वाले बिहार के अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी और समाजसेवी हरिमोहन सिंह को 28 सितंबर को पटना में एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विशिष्ट अतिथियों में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस सम्मान समारोह का आयोजन खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से किया गया है।
खेल में निस्वार्थ सेवा
हरिमोहन सिंह, जो जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं, पिछले कई वर्षों से बिहार में खेलों के विकास के लिए समर्पित रूप से कार्य कर रहे हैं। वे मुंगेर के कल्याणपुर गांव के निवासी हैं और अब तक कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों में कोच, मैनेजर और तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग और महिला खेलों को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए हैं।
पुरस्कारों और सम्मान की लंबी फेहरिस्त
हरिमोहन सिंह पहले भी बिहार के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री समेत कई अन्य गणमान्य नेताओं द्वारा सम्मानित हो चुके हैं। खेल के प्रति उनके योगदान को देखते हुए उन्हें विभिन्न राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कारों से नवाजा गया है। इसके अतिरिक्त, वे खुद भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
युवाओं के प्रेरणास्रोत
हरिमोहन सिंह की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया था। उनकी खेल सेवा और समाजसेवा के लिए बिहार के विभिन्न संगठनों ने भी उन्हें बधाई दी है।
मुंगेर जिला खो-खो संघ, स्पेशल ओलंपिक्स भारत बिहार, और फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया समेत कई संगठन हरिमोहन सिंह के इस सम्मान के लिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।