वाम के गढ़ में राम: जादवपुर विश्वविद्यालय में एबीवीपी ने मनाई राम नवमी
पुस्तकालय के पास स्थापित की गई भगवान राम की प्रतिमा, वायरल हुआ वीडियो
Photo Credit – ANI.
कोलकाता : –
कोलकाता के प्रतिष्ठित जादवपुर विश्वविद्यालय एक बार फिर से छात्र राजनीति के मुद्दे पर सुर्खियों में है। रविवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में राम नवमी का आयोजन कर दिया, जबकि प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी थी।
एबीवीपी छात्रों ने पुस्तकालय परिसर के पास मिट्टी से बनी भगवान राम की प्रतिमा एक अस्थायी मंच पर स्थापित कर पूजा-अर्चना की। इस आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार को ही एबीवीपी को आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। प्रशासन की ओर से कहा गया था कि जनवरी 2024 में अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान एबीवीपी और वामपंथी छात्रों के बीच हुई झड़प को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि विश्वविद्यालय परिसर में राम नवमी पूर्व में कभी नहीं मनाई गई है।
बावजूद इसके, एबीवीपी ने अपने पूर्व घोषणा के अनुसार राम नवमी का आयोजन किया। इस दौरान छात्रों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा की और परिसर में भजन-कीर्तन भी किया।
उल्लेखनीय है कि जादवपुर विश्वविद्यालय हाल के दिनों में लगातार विवादों और छात्र आंदोलनों का केंद्र बना हुआ है। कुछ समय पहले ही राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु के दौरे के दौरान वामपंथी छात्र संगठनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसमें हिंसा की भी घटनाएं हुई थीं।
एबीवीपी की ओर से कहा गया कि “विश्वविद्यालय में हर विचारधारा को समान अवसर मिलना चाहिए। यदि अन्य विचारधाराएं अपने आयोजन कर सकती हैं, तो राम नवमी जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक पर्व भी यहां मनाए जा सकते हैं।”