विकास और व्यवस्था के लिए संघर्ष हमारी पहली प्राथमिकता – पप्पू यादव

शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था, नशाखोरी की बढ़ती समस्या, चरमराई स्वास्थ्य सेवाएँ, विद्युत की अनियमित आपूर्ति और योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) नगर इकाई जमालपुर ने एक अति आवश्यक बैठक का आयोजन किया। बैठक का आयोजन नयागांव सिकंदरपुर स्थित नगर अध्यक्ष अमर शक्ति की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। बैठक का संचालन पार्टी के प्रधान महासचिव सह वार्ड आयुक्त रूपेश कुमार ‘छोटू’ ने किया।

बैठक में पप्पू यादव ने शहर की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से विकास और व्यवस्था के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा, “शहर के चुने हुए जनप्रतिनिधि, चाहे वे विधायक हों या सांसद, विकास के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। शहर की सड़कों की खराब हालत, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, बढ़ती नशाखोरी और सरकारी योजनाओं में हो रही लूट-खसोट इसके ज्वलंत उदाहरण हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि सरकार में बैठे भ्रष्ट पदाधिकारी और कमीशनखोरी की प्रवृत्ति ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। “ऐसी स्थिति में आम जनता को जाति और पार्टी से ऊपर उठकर शहर के विकास के लिए सड़क पर उतरना होगा, अन्यथा शहर विध्वंस के मुहाने पर पहुंच जाएगा,” उन्होंने जोर देकर कहा।

नगर अध्यक्ष अमरशक्ति ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहर की व्यवस्थाओं पर तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा, “प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सफेद हाथी बनकर रह गया है, जहां अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधाएँ भी नहीं हैं। बिजली की स्थिति भी बेहद दयनीय है, और डीलरों द्वारा गरीबों को मिलने वाले राशन में कटौती की जा रही है।”

प्रधान महासचिव रूपेश कुमार ‘छोटू’ ने कहा कि शहर के हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसके खिलाफ संघर्ष केवल सपा और उसके जिला अध्यक्ष ही कर रहे हैं।

पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति और नगर उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि दुर्गा पूजा से पहले शहर की मुख्य सड़क का निर्माण नहीं किया गया और छठ पूजा से पहले काली पहाड़ी की तराई में स्थित नहर में पानी की व्यवस्था नहीं की गई, तो सपा जिला अध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में निर्णायक संघर्ष के लिए सड़क पर उतरेगी।

बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2 सितंबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा और जिला प्रशासन से मुलाकात की जाएगी। बैठक में सचिव दिनेश साह, वरिष्ठ नेता राजीव पटवा, मीडिया प्रभारी कुमार प्रभाकर, राजकुमार यादव, सदानंद शर्मा, कुणाल कुमार, अशोक शर्मा, सुरेंद्र साहू उर्फ विच्छी, जीवन पासवान, राजीव यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *