जमालपुर में कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का सम्मान समारोह, 2025 में सत्ता परिवर्तन का आह्वान
जमालपुर। नगर परिषद क्षेत्र के मुंगेर-जमालपुर पथ स्थित एक विवाह भवन में रविवार को कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में तथा प्रदेश कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी जिला अध्यक्ष मोहम्मद इनामुल हक ने की, जबकि संचालन बी. चौरसिया ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित और विशिष्ट अतिथि के तौर पर जमालपुर विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह मंच पर उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में शशि भूषण पंडित ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का संकल्प है कि देश के हर वर्ग को उनकी जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी मिले। उन्होंने राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के संदेश को दोहराते हुए कहा कि “जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी” ही हमारा मूल मंत्र है।
विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि बिहार में 2025 में सत्ता परिवर्तन निश्चित है और कांग्रेस को इसके लिए अभी से तैयार रहना होगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित ने आर. मंडल को मुंगेर जिला अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पासवान, शहर अध्यक्ष साईं शंकर, प्रखंड अध्यक्ष कपिल देव शर्मा, प्रभाकर सिंह और दिलीप मंडल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।