पूजा कुमारी बनीं जन सुराज की जमालपुर महिला नगर अध्यक्ष

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी की जीत का किया दावा

जमालपुर। जन सुराज के संगठन विस्तार कार्यक्रम के तहत जमालपुर नगर परिषद की पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी पूजा कुमारी उर्फ सत्संगी पूजा चौरसिया को पार्टी का महिला नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर प्रदेश से आए श्री सुरेंद्र साहनी ने जन सुराज के मुंगेर जिले के नए पदाधिकारियों की घोषणा की। समारोह में पूजा कुमारी को पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया और नगर की महिलाओं को संगठित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

महिला नगर अध्यक्ष बनते ही पूजा कुमारी ने 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता महागठबंधन और एनडीए की नीतियों से पूरी तरह निराश हो चुकी है, और अब बदलाव की लहर शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जन सुराज व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहा है, जिसमें जनता का समर्थन निर्णायक भूमिका निभाएगा

महिला सशक्तिकरण रहेगा प्राथमिक एजेंडा

पूजा कुमारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और जन सुराज के विचारों से जोड़ना रहेगा। उन्होंने बताया कि उनकी योजना महिलाओं को सरकार की गारंटी पर 4% ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की है, जिससे वे अपने व्यवसाय शुरू कर सकें। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जन सुराज हर लोकसभा क्षेत्र में कम से कम एक विधानसभा सीट पर महिला प्रत्याशी उतारने का लक्ष्य लेकर चल रहा है, जिससे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कम से कम 40 सीटों पर महिलाएं उम्मीदवार बनेंगी

पूजा कुमारी ने जताया शीर्ष नेतृत्व पर भरोसा

महिला नगर अध्यक्ष ने कहा कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने जो भरोसा उन पर जताया है, वे उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में उन्हें जन सुराज के सभी स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सहयोग की अपेक्षा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *