नगर की सफाई व्यवस्था में अव्यवस्था का आलम, नवरात्रि के दौरान भी गंदगी पसरी

जमालपुर

शहर के सदर बाजार क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन की दयनीय स्थिति ने नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान भी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

तीन माह पूर्व नगर परिषद ने शहर के सभी सीमेंटेड कूड़ा स्थलों को हटा दिया था, जिससे अब लोग मजबूरी में सड़क किनारे कचरा फेंकने को मजबूर हैं। सदर बाजार क्षेत्र में ताराचंद गली, न्यू मारवाड़ी पट्टी गली, और अवंतिका रोड जैसी प्रमुख जगहों पर कूड़े का ढेर बेतरतीबी से फैला हुआ है। स्थानीय निवासी राजन यादव और प्रेम कुमार ने बताया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण अब सड़कें ही कूड़ेदान बन चुकी हैं।

सीटी बजाकर कूड़ा उठाने की योजना, जो कभी सफाई व्यवस्था का हिस्सा थी, अब महज औपचारिकता बनकर रह गई है। मोहम्मद आरिफ और माला देवी जैसे कई स्थानीय नागरिकों ने बताया कि आर्य समाज स्कूल और कन्या मध्य विद्यालय के बाहर भी कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। नवरात्रि के पवित्र अवसर पर भी प्रशासन द्वारा साफ-सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

इस बीच, वार्ड पार्षद साईं शंकर ने नगर परिषद की सफाई योजना पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि “स्वच्छता ही सेवा 2024” के तहत पिछले सप्ताह आयोजित सफाई पखवाड़ा केवल कागजी कार्रवाई और फोटो खिंचाई तक सीमित रहा। उनके अनुसार, स्वच्छता मिशन के नाम पर आवंटित करोड़ों रुपये का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है, और जमीनी स्तर पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है।

स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है ताकि त्योहारों के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था बहाल की जा सके और जन-स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *