जनसेवा के रंग में रंगा खगड़िया : संजय खंडेलिया के जन्मदिन पर यूथ फाउंडेशन ने किए सेवा कार्य
हनुमान मंदिर से लेकर रक्तदान शिविर तक, जिलेभर में दिखा उत्सव का जनकल्याणकारी स्वरूप

खगड़िया, 
भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष एवं यूथ फाउंडेशन खगड़िया के संरक्षक श्री संजय खंडेलिया के जन्मदिवस पर रविवार को जिलेभर में सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की गई। यूथ फाउंडेशन के बैनर तले विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें आम जनता की सक्रिय भागीदारी देखी गई।

दिन की शुरुआत स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रातः 8 बजे से ही मंदिर में जुटे और प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक माहौल बना रहा।

इसके पश्चात मोरकाही उत्तर मारर स्थित मध्य विद्यालय में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सैकड़ों लोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

दोपहर में यूथ फाउंडेशन कार्यालय, बबुआगंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। युवाओं में खासा उत्साह देखा गया और कई नए रक्तदाताओं ने इस अभियान में हिस्सा लिया। शिविर के दौरान सैकड़ों यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो ज़रूरतमंदों की मदद में उपयोगी होगा।

खेल क्षेत्र में भी उत्सव का असर दिखा। संसारपुर खेल मैदान में खगड़िया क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव ने जिला के खिलाड़ियों संग श्री संजय खंडेलिया का स्वागत किया और उन्हें श्रीराम का प्रतीक चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद स्वरूप शुभकामनाएं दीं।

शाम को मेन रोड स्थित मंगलम होटल में भव्य जन्मदिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, भाजपा पदाधिकारियों, युवाओं व मीडिया प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने श्री खंडेलिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

अपने उद्बोधन में श्री खंडेलिया ने कहा, “सेवा ही मेरे जीवन का उद्देश्य है। यूथ फाउंडेशन के माध्यम से समाज के हर उस व्यक्ति तक पहुँचना चाहता हूँ, जिसे सहायता की आवश्यकता है। यह मेरा नहीं, आप सभी का उत्सव है।”

कार्यक्रम के समापन पर यूथ फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने सभी सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था समाज सेवा के पथ पर सदैव अग्रसर रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *