स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल
कटिहार।
जिले का सदर अस्पताल एक बार फिर स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली के कारण चर्चा में है। पीलिया से ग्रसित 60 वर्षीय शहदीप रॉय का इलाज कटिहार सदर अस्पताल में चल रहा था, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत के बाद परिजनों ने शव ले जाने के लिए एंबुलेंस की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें यह सुविधा नहीं मिल सकी।

परिजनों के बार-बार निवेदन के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराया, जबकि अस्पताल में एंबुलेंस मौजूद था। मजबूर होकर मृतक के परिजन शव को ठेले पर लादकर घर ले गए। यह घटना नया टोला फुलवारी निवासी शहदीप रॉय के परिवार के साथ हुई, जिसने जिले के स्वास्थ्य प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों की लागत से बने इस अस्पताल में सुविधाओं का अभाव आम लोगों के लिए मुसीबत बन चुका है। आधुनिक संसाधनों से लैस होने के बावजूद प्रशासन की लापरवाही के कारण जिलेवासियों को बार-बार शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ता है।