कोलकाता को मिली तीन नई मेट्रो लाइनों की सौगात, हवाई अड्डे तक पहली सीधी कड़ी
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता मेट्रो नेटवर्क में बड़ा विस्तार करते हुए तीन नए कॉरिडोर का शुभारंभ किया। इसमें शहर को पहली बार नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी भी मिली।
राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर परिचालन की शुरुआत की।
कुल 13.61 किमी का विस्तार
नए विस्तार में ग्रीन, येलो और ऑरेंज लाइनों पर कुल 13.61 किलोमीटर लंबे रूट जोड़े गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन नए मार्गों से शहर के भीड़भाड़ वाले सड़कों पर दबाव कम होगा और लोगों को प्रमुख ट्रांजिट हब तक तेज़ी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
ग्रीन लाइन के सीलदह-एस्प्लानेड खंड (2.45 किमी) के शुरू होने से पहली बार हावड़ा और सीलदह — दोनों प्रमुख रेलवे टर्मिनल आपस में सीधे जुड़े। सड़क मार्ग से करीब 50 मिनट का सफर अब भूमिगत मेट्रो से सिर्फ 11 मिनट में पूरा होगा।
हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत
येलो लाइन के नोआपाड़ा से जय हिंद विमानबंदर (6.77 किमी) तक विस्तार के साथ हवाई अड्डे तक मेट्रो की सीधी पहुंच संभव हुई है। एक घंटे से अधिक का सड़क सफर अब लगभग 30 मिनट में सिमट जाएगा।
वहीं ऑरेंज लाइन से शहर को पूर्व-पश्चिम दिशा में बेहतर संपर्क मिलेगा, जिससे 1984 से शुरू हुई कोलकाता मेट्रो का नेटवर्क और मज़बूत होगा।
ममता बनर्जी रही अनुपस्थित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल नहीं हुईं। तृणमूल कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाल के प्रवासी मज़दूरों के कथित उत्पीड़न के विरोध में उन्होंने दूरी बनाई।