लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर पथराव, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
सुरक्षा पर उठे सवाल, चुनाव आयोग ने DGP को दिए सख्त निर्देश
लखीसराय: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दिन लखीसराय में उस समय हड़कंप मच गया जब राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर, चप्पल और गोबर फेंककर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना खोरियारी गांव की है, जहां उपमुख्यमंत्री मतदान के दौरान दौरा करने पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ ने अचानक उनके वाहन को घेर लिया और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाने लगी। मौके पर अफरातफरी मच गई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह उपमुख्यमंत्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
विजय कुमार सिन्हा ने इस हमले के पीछे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के समर्थकों का हाथ बताया है। उन्होंने कहा, “ये राजद के गुंडे हैं जो एनडीए की वापसी से डर गए हैं। उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को बूथ में जाने तक नहीं दिया। खोरियारी के बूथ नंबर 404 और 405 पर इनकी गुंडागर्दी साफ दिखी।”
सिन्हा ने स्थानीय पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिला पुलिस “कमजोर और डरपोक” है और उन्होंने केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की है। उपमुख्यमंत्री ने घटना के विरोध में गांव में धरना देने की चेतावनी भी दी है।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि यह स्थानीय ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन था, जिसे नियंत्रित कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, अब स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।
घटना पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। साथ ही बिहार के डीजीपी को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, मतदान से पहले विजय कुमार सिन्हा ने जगदंबा मंदिर में पूजा-अर्चना की थी और फिर अपने बूथ पर जाकर मतदान किया था।
बिहार में आज पहले चरण के तहत 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। दोपहर 1 बजे तक 42.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस चरण में कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है, जिनमें तेजस्वी यादव (राघोपुर), तेज प्रताप यादव (महुा) और सम्राट चौधरी (तारापुर) जैसे प्रमुख उम्मीदवार शामिल हैं।
—
रिपोर्ट: TWM News, बिहार चुनाव विशेष कवरेज