लालकिला विस्फोट: संदिग्ध डॉ. उमर की पहली सीसीटीवी तस्वीर आई सामने, तीन घंटे पहले पार्क हुई थी कार

नई दिल्ली। लालकिला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास सोमवार शाम हुए भीषण धमाके की जांच में एक अहम सुराग मिला है। पुलिस के हाथ वह सीसीटीवी फुटेज लगा है जिसमें संदिग्ध व्यक्ति को उसी कार में देखा गया है, जिसमें विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग झुलस गए थे।

जानकारी के मुताबिक, यह फुटेज धमाके से ठीक पहले शाम करीब 6:50 बजे का है। इसमें संदिग्ध व्यक्ति को ह्यूंडई i20 कार चलाते हुए देखा गया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह व्यक्ति डॉ. मोहम्मद उमर है — जो फरीदाबाद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा बताया जा रहा है और कुछ दिनों से फरार था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उमर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद में उसी दिन हुई गिरफ्तारी के बाद घबराहट में इस हमले को अंजाम दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि कार में अमोनियम नाइट्रेट फ्यूल ऑयल (ANFO) का इस्तेमाल किया गया था, जिससे धमाका बेहद शक्तिशाली हुआ।

फुटेज से पता चला है कि कार दोपहर 3:19 बजे सुनेहरी मस्जिद के पास पार्किंग में दाखिल हुई और शाम 6:48 बजे बाहर निकली। कुछ ही मिनट बाद जोरदार विस्फोट हुआ जिसने आसपास की कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। वीडियो में शुरुआती फ्रेम में चालक का चेहरा साफ दिख रहा है, लेकिन कार आगे बढ़ते ही एक मुखौटा पहने व्यक्ति स्टीयरिंग पर नजर आता है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि धमाके के समय कार में केवल एक व्यक्ति मौजूद था। हालांकि, आतंकी मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने अब तक 13 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जांच टीमें फिलहाल उस रास्ते की भी पड़ताल कर रही हैं जिससे यह वाहन दिल्ली में दाखिल हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार बदरपुर बॉर्डर से राजधानी में दाखिल हुई थी। सुरक्षा एजेंसियां अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी हैं, जिनमें दिल्ली के कई टोल प्लाज़ा और प्रमुख सड़कों के कैमरे शामिल हैं।

 

— रिपोर्ट: टीडब्ल्यूएम न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *