लालकिला धमाका केस में नई कड़ी: लाल रंग की फोर्ड ईकोस्पोर्ट की तलाश में दिल्ली पुलिस अलर्ट

नई दिल्ली। लालकिला धमाके की जांच में एक और बड़ा सुराग सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने एक लाल रंग की फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार को लेकर राजधानीभर में हाई अलर्ट जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक, यह वाहन धमाके के मुख्य आरोपी डॉक्टर उमर उन नबी के नाम से रजिस्टर्ड है और इसे मामले में अहम कड़ी माना जा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि धमाके में इस्तेमाल की गई ह्यूंदै i20 कार से जुड़े कुछ संदिग्धों के पास एक अन्य लाल रंग की कार भी थी। इसी आधार पर पुलिस ने इस फोर्ड ईकोस्पोर्ट की तलाश तेज कर दी है।

राजधानी के सभी थानों, पुलिस चौकियों और सीमावर्ती बैरियरों को अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली पुलिस की पांच विशेष टीमें इस कार का पता लगाने में जुटी हैं, जबकि उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस को भी सतर्क रहने और सहयोग के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि यह कार संभवतः उमर द्वारा धमाके से पहले इलाके की रेकी (जासूसी) के लिए इस्तेमाल की गई थी। फिलहाल कार के रजिस्ट्रेशन विवरण सभी सीमाई चौकियों और राज्यों की खुफिया इकाइयों को भेजे जा चुके हैं ताकि वाहन को जल्द से जल्द ट्रेस किया जा सके।

गौरतलब है कि सोमवार को लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद राष्ट्रीय राजधानी और उसके आस-पास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

— रिपोर्ट: TWM News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *