पटना
राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर कड़ा प्रहार किया है। गिरिराज सिंह की यात्रा और अररिया के भाजपा सांसद प्रदीप सिंह के विवादित बयान को लेकर लालू यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार में उनके रहते किसी भी तरह का सांप्रदायिक तनाव पैदा नहीं हो सकता।
लालू यादव ने कहा, “जो भी मुस्लिम भाइयों को बुरी नजर से देखेगा, उसे हम किसी भी कीमत पर बख्शेंगे नहीं। बिहार में जब तक हम हैं, कोई भी हिंदू-मुस्लिम दंगा नहीं करवा सकता। नीतीश कुमार और गिरिराज सिंह में कोई अंतर नहीं है, दोनों ही दंगे भड़काने की राजनीति करते हैं। लेकिन हमारी उपस्थिति में यह मुमकिन नहीं है।”
अररिया के भाजपा सांसद प्रदीप सिंह के बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि “अररिया में रहना है तो हिंदू बनकर रहना होगा”, पर प्रतिक्रिया देते हुए लालू यादव ने कहा, “इन लोगों का काम ही उल्टा-सुल्टा बोलते रहना है। ये लोग चाहे कितना भी प्रयास कर लें, बिहार में हमारे रहते कोई दंगा नहीं हो सकता।”
इससे पहले, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी गिरिराज सिंह और प्रदीप सिंह के बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था, “अगर कोई मुसलमान भाइयों के साथ अन्याय करने की कोशिश करेगा तो तेजस्वी यादव ईंट से ईंट बजा देगा। भाजपा और नीतीश कुमार की सरकार सिर्फ सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रही है, लेकिन बिहार की जनता उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।”
बिहार में हालिया घटनाओं को लेकर राजद नेताओं का रुख साफ है कि वे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देंगे।
