मलेशिया को 4-0 से हराया
राजगीर
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने अपने पहले ही मैच में धमाकेदार जीत दर्ज की है। मलेशिया के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में भारत ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-0 से जीत हासिल की, जिससे टूर्नामेंट में उनकी मजबूत शुरुआत सुनिश्चित हो गई।
जीत के बाद टीम इंडिया की कप्तान सलीमा टेटे ने इस सफलता का श्रेय पूरे दल को दिया और कहा कि हर खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, “इस जीत से हमें आत्मविश्वास मिला है, और अब हम चीन के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।”
इस अवसर पर कोच हरेंद्र सिंह ने भी भारतीय खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने मलेशियाई टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ इस जीत को अपने नाम किया है। साथ ही, हरेंद्र सिंह ने राजगीर में बनाई गई नई खेल अकादमी की भी तारीफ की, जिसे उन्होंने “हॉकी की नई पौध तैयार करने का सशक्त माध्यम” बताया। उन्होंने कहा कि यह अकादमी न केवल बिहार में हॉकी के विकास में सहायक होगी बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभावान खिलाड़ियों को उभरने का अवसर देगी।
राजगीर की धरती पर भारतीय टीम की इस शानदार जीत ने दर्शकों में जोश और उत्साह भर दिया है।