ऑपरेशन सद्भावना के तहत शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ाया कदम
मणिपुर
भारतीय सेना ने अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए मणिपुर में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया है। सेना ने काथिकु कारोंग गाँव स्थित पी. के. शेड़ू रिवाइवल फाउंडेशन चिल्ड्रेन होम में एक आधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना की है, वहीं तपहू पुडुनेमई गाँव में एक कौशल विकास केंद्र खोला गया है, जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाना और उनकी आजीविका में सुधार लाना है।
यह पहल भारतीय सेना के ऑपरेशन सद्भावना का हिस्सा है, जिसके तहत सेना मणिपुर जैसे संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में शांति और विकास को बढ़ावा देने के लिए कई सामाजिक कल्याणकारी कार्यक्रम चला रही है। काथिकु कारोंग में स्थित बच्चों के इस गृह में स्थापित कंप्यूटर लैब, अनाथ बच्चों की शिक्षा में एक बड़ी भूमिका निभाएगी। इस लैब में सात कंप्यूटर, एक प्रिंटर, एक प्रोजेक्टर और अन्य सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा मिल सके।
लैब के उद्घाटन के दौरान स्थानीय नेताओं, सेना के अधिकारियों और आस-पास के गाँवों के प्रमुखों ने भारतीय सेना की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रम स्थानीय समुदायों को सशक्त करने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी सेना ने एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए तपहू पुडुनेमई गाँव में कौशल विकास केंद्र स्थापित किया है। यह केंद्र विशेष रूप से विधवाओं और वीर नारियों के लिए खोला गया है, जहाँ उन्हें सिलाई और कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र में 15 सिलाई मशीनें, 3 कढ़ाई मशीनें, और अन्य जरूरी सुविधाएँ जैसे कुर्सियाँ, टेबल और व्हाइटबोर्ड उपलब्ध कराए गए हैं।
इस केंद्र का उद्देश्य न केवल महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और आर्थिक रूप से सक्षम बनाना भी है। सेना की इस पहल से महिलाएँ न केवल अपने घरों की आर्थिक सहायता कर सकेंगी, बल्कि आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन भी कर पाएंगी।
ऑपरेशन सद्भावना के तहत चलाए जा रहे ये परियोजनाएँ सेना की उन कोशिशों का हिस्सा हैं, जिनके जरिए वह मणिपुर जैसे क्षेत्रों में स्थायी विकास और शांति की दिशा में काम कर रही है। सेना का यह योगदान राष्ट्रीय सुरक्षा से परे जाकर समुदायों के साथ मजबूत संबंध बनाने और लोगों के बीच विश्वास कायम करने का भी प्रतीक है।