मानसी के जनता इंटर विद्यालय को बनाया जाएगा रोल मॉडल स्कूल: विधायक बबलू मंडल
प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में लिया गया संकल्प, आधुनिक सुविधाओं के विकास पर जोर
खगड़िया/मानसी।
सदर विधायक सह उच्च विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने शनिवार को जनता इंटर विद्यालय, मानसी में प्रबंधकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक से पूर्व विधायक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि जनता इंटर विद्यालय की शिक्षा के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान रही है, जिसे और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि हाल ही में मानसी की दो छात्राओं ने बिहार टॉपर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जो विद्यालय के बेहतर शैक्षणिक वातावरण और छात्रों की मेहनत का परिणाम है।
विधायक बबलू मंडल ने कहा कि उनका लक्ष्य जनता इंटर विद्यालय को जिले का रोल मॉडल स्कूल बनाना है। इसके लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट क्लासरूम, समृद्ध पुस्तकालय और आधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
मानसी के समग्र विकास पर बल देते हुए विधायक ने बताया कि उन्होंने विधानसभा में मानसी में एक कॉलेज के निर्माण की मांग उठाई है, जिससे स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके साथ ही क्षेत्र में मल्टी लेवल मार्केट और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे बाजार में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मानसी जंक्शन के पश्चिमी केबिन पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) निर्माण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है, जिससे आवागमन सुगम होगा और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभा देवी, विद्यालय प्रधान सह प्रबंधन समिति सचिव मेनू कुमारी, नीलम देवी, मीरा देवी, प्रियेश रौशन, अशोक कुमार विद्यार्थी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा प्रेमी मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भी भाग लेकर विद्यालय के विकास हेतु अपने सुझाव दिए।
बैठक का समापन विद्यालय के सर्वांगीण विकास और क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।