मुंगेर

बिहार में पुलों की बदहाल स्थिति के बीच मुंगेर जिले से एक और चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है। हवेली खड़गपुर अनुमंडल स्थित खड़गपुर-तारापुर मुख्य मार्ग पर महकोला के निकट बरसाती नदी पर बने पुराने पुल का एक हिस्सा धंस गया है। इस कारण पुल के गिरने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, यह पुल काफी पुराना है और लगातार जर्जर हो रहा था। इस पुल से रोजाना छोटे-बड़े वाहनों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन हाल ही की भारी बारिश और बाढ़ के चलते पुल का एक हिस्सा कमजोर होकर धंस गया है। स्थानीय लोगों ने इसे खतरनाक स्थिति बताते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की है।

बाढ़ ने बढ़ाई पुल की दुर्दशा

कुछ दिनों पहले विभाग द्वारा पुल की स्थिति सुधारने के लिए अस्थायी उपाय किए गए थे, लेकिन हाल की बाढ़ ने इन प्रयासों को ध्वस्त कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने कुछ बोरे लगाकर पुल को सहारा देने की कोशिश की थी, पर बाढ़ के तेज बहाव ने उसे भी ध्वस्त कर दिया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

पुल की इस स्थिति ने आसपास के निवासियों को चिंतित कर दिया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर उचित कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराने की अपील की है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पुल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि कोई अनहोनी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *