मुंगेर
मुंगेर जिले में सप्तमी पूजा के अवसर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में फिल्म “सप्तमी” के फर्स्ट लुक पोस्टर का भव्य अनावरण किया गया। फिल्म के निर्माता और लेखक गोविंद कुमार साहनी की इस नई पेशकश का उद्घाटन हीरो राजन कुमार ने बड़ी दुर्गा माता मंदिर परिसर में किया। इस मौके पर बाफ्टा टीम के विनोद कुमार बूंद, डॉ. राजीव सिंह, और सकॉट एंड गाइड के जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नंद किशोर समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।
कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण माहौल में किया गया, जिसमें शहर के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। पोस्टर लॉन्च के दौरान मुंगेर के कई प्रमुख स्थानों पर फिल्म के पोस्टर लगाए गए, जिससे शहर में फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
“सप्तमी” फिल्म: मुंगेर की नई पहचान
आर3 एंटरटेनमेंट और वीआईएस मीडिया एंड एंटरटेनमेंट सर्विसेज के बैनर तले बन रही फिल्म “सप्तमी” का निर्देशन गोविंद कुमार साहनी और निर्मल केसी करेंगे। फिल्म की कहानी और पटकथा खुद गोविंद कुमार ने लिखी है, जबकि संवाद डॉ. मनोज प्रसाद ने तैयार किए हैं। फिल्म का निर्माण गोविंद कुमार साहनी और सनोबर सिद्दीकी कर रहे हैं, जो इसे बड़े पर्दे पर लाने की पूरी तैयारी में हैं।
हीरो राजन कुमार ने इस अवसर पर कहा कि “सप्तमी” फिल्म मुंगेर की कला और संस्कृति को फिल्मी दुनिया में एक नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने मुंगेर के युवाओं के लिए इसे प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि यह फिल्म आने वाले समय में सिनेमा जगत में एक महत्वपूर्ण स्थान बनाएगी।
मुंगेर में फिल्म निर्माण की नई लहर
इस पोस्टर लॉन्च के साथ मुंगेर में फिल्म निर्माण की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है। गोविंद कुमार साहनी और उनकी टीम का यह प्रयास मुंगेर को फिल्मी नक्शे पर एक नई पहचान दिलाने का काम करेगा।