एनडीए में जल्द तय होगा सीट बंटवारा, भाजपा की चुनाव समिति की बैठक में हुई रणनीतिक चर्चा

पटना। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति और सीट बंटवारे को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, संगठन महासचिव विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्रीगण और पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहे। लगभग चार घंटे चली इस बैठक में संभावित प्रत्याशियों की सूची, गठबंधन के अंदर सीटों का समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है और जल्द ही खुशखबरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार निरंतर प्रगति कर रहा है।

सम्राट चौधरी ने बताया कि जदयू, एलजेपी (रामविलास), हम और आरएलकेडी के नेताओं के साथ वार्ता रचनात्मक माहौल में जारी है। सूत्रों के अनुसार, इस बार एनडीए कुछ लोकसभा सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारने की रणनीति पर भी विचार कर रहा है ताकि चुनावी समीकरण मजबूत हो सके।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाकर प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इस बैठक को बिहार चुनाव के लिए भाजपा की दिशा और रणनीति तय करने वाला अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *