नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार आज शाम 4 बजे, सात नए मंत्री लेंगे शपथ

पटना। बिहार की सियासत में आज एक अहम मोड़ आने वाला है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का विस्तार बुधवार शाम 4 बजे किया जाएगा। इस विस्तार में कुल सात नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक शामिल होंगे। राजभवन को इस संबंध में आधिकारिक सूचना भेजी जा चुकी है।

जातीय संतुलन का रखा गया ध्यान

सूत्रों के मुताबिक, इस मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय समीकरण का विशेष ध्यान रखा गया है। आगामी 2025 विधानसभा चुनाव को देखते हुए अगड़ी जाति, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा समाज के नेताओं को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति बनाई गई है। भाजपा और जदयू ने इस पर सहमति बना ली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दिया इस्तीफा

इस बीच, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में “एक व्यक्ति, एक पद” का सिद्धांत लागू है, जिसके तहत उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंप दिया। उनके इस्तीफे के बाद भाजपा कोटे से नए चेहरे को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी।

ये नेता बन सकते हैं मंत्री

सूत्रों की मानें तो भाजपा कोटे से पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा या अनिल शर्मा में से किसी एक को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। इसके अलावा पिछड़े समुदाय से नवल किशोर यादव का नाम चर्चा में है। महिला प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए कविता देवी को मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, संजय सरावगी या विजय खेमका को भी जगह मिल सकती है। जदयू कोटे से गोपालगंज के बरौली विधायक रामप्रवेश राय और रीगा विधायक मोतीलाल प्रसाद के नाम सामने आ रहे हैं।

जेपी नड्डा की बैठक में मिली हरी झंडी

मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी बैठक में इस मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झंडी दी गई। भाजपा और जदयू ने संभावित मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगा दी है। अब सभी की निगाहें शाम 4 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *