ऑपरेशन महादेव पर विपक्ष के सवालों को लेकर पीएम मोदी का पलटवार
‘सावन के सोमवार का इंतजार करते?’ – प्रधानमंत्री ने संसद में विपक्ष पर कसा तंज
नई दिल्ली
ऑपरेशन महादेव की टाइमिंग को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों पर मंगलवार को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करारा जवाब दिया। प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए पूछा, “क्या हम आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सावन के सोमवार का इंतजार करें?”
संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर हुई बहस के दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष की उस आलोचना पर निशाना साधा जिसमें कहा गया था कि यह एनकाउंटर चुनावी फायदे के लिए टाइम किया गया। उन्होंने कहा, “पिछले कई हफ्तों से ये लोग पूछ रहे थे कि पहलगाम हमले के गुनहगारों का क्या हुआ। अब जब जवाब दे दिया गया है, तो इन्हें उसकी टाइमिंग से दिक्कत हो रही है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसे पाकिस्तान की भाषा बोलना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता पूछ रहे हैं कि पहलगाम हमले में मारे गए आतंकी पाकिस्तानी थे, इसका क्या सबूत है? पाकिस्तान भी यही सवाल उठा रहा है। क्या अब विपक्ष पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाएगा?”
इससे पहले दिन में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस ऑपरेशन की टाइमिंग पर सवाल खड़ा किया था। उन्होंने संसद में कहा, “हम सभी राजनीतिक दलों ने पहले सरकार का समर्थन किया था। लेकिन ये ऑपरेशन ठीक कल ही क्यों हुआ? मैं आपको बधाई नहीं दे रहा हूं, क्योंकि मुझे इसकी टाइमिंग पर शक है।”
गौरतलब है कि ऑपरेशन महादेव को भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर अंजाम दिया। इसमें तीन पाकिस्तानी आतंकी – सुलेमान, अफगान और जिबरान – मारे गए, जिन पर 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले में शामिल होने का आरोप था। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ये आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे और पाकिस्तान से आए थे। उन्होंने कहा कि इन आतंकियों के पास से पाकिस्तानी वोटर आईडी कार्ड, पाक निर्मित चॉकलेट्स और संचार उपकरण बरामद हुए हैं, जो उनकी पहचान की पुष्टि करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “देश को न्याय चाहिए था और हमने दिया। लेकिन कांग्रेस को शायद इससे भी आपत्ति है। जो लोग देश के दुश्मनों पर भी सवाल उठा रहे हैं, उन्हें जनता जवाब देगी।”